पिथौरागढ़। राष्ट्रीय राजमार्ग-09 पर घाट बेण्ड/मुन्ना बेण्ड के पास एचपी बेण्ड पर लगातार गिर रहे पत्थर, बोल्डर और मलबे को देखते हुए प्रशासन ने रात्रिकालीन यातायात प्रतिबंधित कर दिया है। उपजिलाधिकारी सदर जितेंद्र वर्मा के अनुसार किमी 168.600 से 168.800 के बीच पहाड़ी बेहद संवेदनशील और कमजोर है, जिससे यातायात एवं जनसुरक्षा को खतरा बना हुआ है। जनसुरक्षा के दृष्टिगत इस मार्ग पर शाम 6 बजे से सुबह 6 बजे तक यातायात पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। संबंधित कार्यदायी संस्था की मशीनों से लगातार मलबा हटाने का कार्य किया जा रहा है। प्रतिबंध तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है और स्थिति सामान्य होने तक जारी रहेगा। प्रशासन ने वाहन चालकों से प्रतिबंधित अवधि में इस मार्ग पर आवागमन नहीं करने तथा यात्रा से पहले वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की है।

