लोकपर्व हरेला के अवसर पर 55वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, पिथौरागढ़ द्वारा वृक्षारोपण अभियान का आयोजन

खबर शेयर करें 👉

पिथौरागढ़। उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के पावन अवसर पर 55वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, पिथौरागढ़ द्वारा पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण में वृद्धि तथा जन-जागरूकता के उद्देश्य से व्यापक वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। यह अभियान श्री महेंद्र प्रताप, कमांडेंट, 55वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल के दिशानिर्देशन में वाहिनी मुख्यालय एवं सीमावर्ती क्षेत्रों में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।वाहिनी मुख्यालय में श्री महेंद्र प्रताप, कमांडेंट, अधिकारीगण, अधीनस्थ अधिकारी, संदीक्षा परिवार की सदस्याओं तथा बड़ी संख्या में बल कार्मिकों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।इस वर्ष हरेला पर्व की थीम “पर्यावरण संरक्षण, हरियाली और धरती माँ के प्रति कृतज्ञता” के अनुरूप वाहिनी के अधिकारियों एवं जवानों ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण किया। अभियान के अंतर्गत सीमावर्ती क्षेत्रों में लगभग 2,500 पौधों का रोपण किया गया। इसके साथ ही वाहिनी की विशेष टीम द्वारा पिथौरागढ़ नगर के काली बकरा वार्ड स्थित एफसीआई गोदाम के समीप 250 पौधे लगाए गए।अभियान के अंतर्गत समवाय जौलजीबी द्वारा राजकीय इंटर कॉलेज, जौलजीबी परिसर एवं सीमावर्ती क्षेत्रों में वन विभाग, पुलिस थाना जौलजीबी, 15वीं एनडीआरएफ (आईटीबीपी), विद्यालय परिवार, व्यापार मंडल, ग्राम प्रधान, महिला मंगल दल तथा स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से 250 पौधों का रोपण किया गया। समवाय प्रभारी श्री आयुष शर्मा ने ग्राम बालमारा में ग्राम सभा आयोजित कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता का संदेश दिया तथा बालमारा, दुंगाटोली एवं बालाकोट में भी वृक्षारोपण कराया।समवाय झूलाघाट द्वारा राजुड़ा, मंजीरकांडा तथा सीमा चौकियों गिट्टिगेड़ा एवं अमतरी में कुल 450 पौधे लगाए गए। इस अवसर पर ग्राम प्रधान, विद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राओं एवं स्थानीय ग्रामीणों ने सक्रिय सहभागिता की। इसी प्रकार रौतगढ़ तथा सीमा चौकियों भौंरा एवं हल्दू में भी वृक्षारोपण किया गया।वहीं समवाय ध्यान तथा सीमा चौकियों सपतड़ी एवं तड़ीगांव में बल कार्मिकों द्वारा 450 पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।इस अवसर पर श्री महेंद्र प्रताप, कमांडेंट ने कहा कि “वृक्ष केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का माध्यम ही नहीं, बल्कि भावी पीढ़ियों के सुरक्षित, स्वस्थ एवं समृद्ध भविष्य की अमूल्य धरोहर हैं।” उन्होंने सभी नागरिकों से अधिकाधिक वृक्षारोपण करने, लगाए गए पौधों का संरक्षण सुनिश्चित करने तथा पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान किया।कार्यक्रम में श्री अजय कुमार, उप-कमांडेंट, श्री निमित अहलावत, उप-कमांडेंट, श्री नीरज चौहान, सहायक कमांडेंट (संचार), संदीक्षा परिवार की सदस्याएँ, अधीनस्थ अधिकारी तथा बड़ी संख्या में बल कार्मिक उपस्थित रहे।