पिथौरागढ़। विश्व पर्यावरण सप्ताह के तहत 130 इन्फैंट्री बटालियन (टीए) ईको कुमाऊँ द्वारा यक्षवती नदी पुनर्जीवन एवं वृहद पौधरोपण अभियान का आयोजन किया गया। रई बगड़ क्षेत्र में चलाए गए स्वच्छता अभियान में सेना, एसएसबी, एनसीसी कैडेट्स तथा जनरल बी.सी. जोशी आर्मी पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने भाग लेकर नदी तटों से प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट हटाए और जल स्रोत संरक्षण का संदेश दिया।
इसके साथ ही देवकटिया क्षेत्र में 348 मीडियम रेजिमेंट और आईटीबीपी के सहयोग से 1000 पौधों का रोपण किया गया। अभियान का उद्देश्य हरित आवरण बढ़ाना, मृदा संरक्षण को बढ़ावा देना तथा जैव विविधता को सुदृढ़ बनाना है।
सहायक कमान अधिकारी ले. कर्नल वीएस दानू ने कहा कि बटालियन पर्यावरण संरक्षण और वनीकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का संकल्प लिया। अभियान के तहत गुरुवार को चंडाक क्षेत्र में भी एक हजार पौधे लगाए जाएंगे।
