काशीपुर/पिथौरागढ़। उधम सिंह नगर के काशीपुर स्थित लिटिल स्कॉलर स्कूल में आयोजित तृतीय राज्य स्तरीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप में पिथौरागढ़ जिले के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 46 पदक जीतकर टीम चैंपियनशिप में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता का आयोजन 29 से 31 मई तक उत्तराखंड ताइक्वांडो एसोसिएशन के तत्वावधान में किया गया, जिसमें प्रदेशभर के 400 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया।
पिथौरागढ़ टीम ने 11 स्वर्ण, 19 रजत और 16 कांस्य पदक अपने नाम किए। टीम कोच नवीन लुंठी एवं टीम मैनेजर कमलेश मखोलिया के नेतृत्व में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया।
पिथौरागढ़ ताइक्वांडो एवं पैरा ताइक्वांडो एसोसिएशन के महासचिव कमलेश मखोलिया ने बताया कि स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ियों का चयन अगले माह आयोजित होने वाली राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता के लिए हुआ है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर विधायक मयूख महर, प्रशिक्षक सुरेश बहादुर सिंह सहित खेल प्रेमियों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
