चंपावत। धारचूला से टनकपुर जा रही उत्तराखंड रोडवेज की बस बुधवार सुबह लोहाघाट-पिथौरागढ़ हाईवे पर पाटन पुल के पास अनियंत्रित हो गई। बस में 34 यात्री सवार थे। बताया जा रहा है कि बस में तकनीकी खराबी आने से चालक बेनीराम थ्वाल ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को पहाड़ी से टकरा दिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया और यात्रियों की जान बच गई।
इस दौरान चालक साइड का दरवाजा खुलने से बेनीराम थ्वाल सड़क पर गिर गए और बस के पहिए की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में एक महिला यात्री घायल हुई, जबकि अन्य सभी यात्री सुरक्षित रहे।
सूचना पर पुलिस, प्रशासन और रोडवेज अधिकारी मौके पर पहुंचे। जेसीबी की मदद से बस हटाकर चालक के शव को निकाला गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। यात्रियों को दूसरी बस से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
