सोरगढ़ किले के पास बनेगा पिथौरागढ़ का पहला हैरिटेज वेंडिंग ज़ोन, डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण

खबर शेयर करें 👉

जिले में पर्यटन, स्थानीय आजीविका और सांस्कृतिक धरोहरों को बढ़ावा देने की दिशा में सोरगढ़ किला (लंदन फोर्ट) क्षेत्र का विकास किया जाएगा। जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने गुरुवार को प्रस्तावित हैरिटेज वेंडिंग ज़ोन, पार्किंग, ऐतिहासिक सदर रामलीला मैदान के उच्चीकरण एवं सौंदर्यीकरण सहित विभिन्न विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि पिथौरागढ़ का पहला हैरिटेज वेंडिंग ज़ोन स्थानीय संस्कृति, पारंपरिक खान-पान, हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों को एक मंच प्रदान करेगा, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ युवाओं, स्वयं सहायता समूहों, कारीगरों और छोटे व्यापारियों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। परियोजना दो चरणों में विकसित होगी। पहले चरण में वेंडिंग ज़ोन, पार्किंग और पर्यटन सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जबकि दूसरे चरण में सदर रामलीला मैदान का सौंदर्यीकरण, जिला पुस्तकालय और सूचना विभाग कार्यालय के पुनर्निर्माण का कार्य प्रस्तावित है।