पिथौरागढ़ जनपद में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत साइबर सेल और कोतवाली बेरीनाग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने साइबर ठगी की रकम को ठिकाने लगाने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे म्यूल अकाउंट गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। जांच में दो बैंक खातों में करीब सवा करोड़ रुपये से अधिक का संदिग्ध लेन-देन सामने आया है।एनसीआरपी यानी नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के आधार पर पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़ के निर्देशन में साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक नीरज भाकुनी के नेतृत्व में जांच शुरू की गई। जांच के दौरान एक बैंक खाते में 12 लाख 35 हजार 832 रुपये, जबकि दूसरे खाते में एक करोड़ 4 लाख 96 हजार 483 रुपये की संदिग्ध धनराशि जमा होने की जानकारी मिली।पुलिस के अनुसार, इन खातों का इस्तेमाल साइबर अपराधियों द्वारा ठगी की रकम को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने और धनराशि के वास्तविक स्रोत को छिपाने के लिए किया जा रहा था। मामले में बीएनएस की धारा 318(4), 61(2) और आईटी एक्ट की धारा 66डी के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।जांच के बाद प्रियांशु कुमार को हल्द्वानी और पवन कुमार को बेरीनाग से गिरफ्तार किया गया। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
साइबर ठगी के करोड़ों के खेल का भंडाफोड़, म्यूल अकाउंट गैंग के दो सदस्य गिरफ्तार
