पिथौरागढ़ में कोचिंग सेंटरों का फायर ऑडिट, सुरक्षा मानकों में कमी पर जारी हुए नोटिस

खबर शेयर करें 👉

पिथौरागढ़ में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अग्निशमन एवं आपात सेवा विभाग ने विभिन्न कोचिंग सेंटरों और लाइब्रेरियों का फायर सेफ्टी ऑडिट किया। मंगलवार को प्रभारी अग्निशमन अधिकारी नारायण सिंह मेहरा के नेतृत्व में फायर यूनिट ने शहर के कई शिक्षण संस्थानों का निरीक्षण कर अग्निसुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, आपातकालीन निकासी मार्ग, सुरक्षा मानकों और आपदा प्रबंधन तैयारियों की जांच की गई। ऑडिट में जहां-जहां कमियां पाई गईं, वहां संबंधित संस्थानों को उन्हें शीघ्र दूर करने के लिए नोटिस जारी किए गए।

फायर यूनिट ने संचालकों और कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में बचाव, प्राथमिक प्रतिक्रिया और सुरक्षा उपायों की जानकारी भी दी। निरीक्षण द क्वांटम विनिंग ऐज, द इक्वेशन कोचिंग सेंटर, रीडिंग जोन लाइब्रेरी, इंटरनेशनल लर्निंग सेंटर, एपटेक सहित कई संस्थानों में किया गया।

पिथौरागढ़ पुलिस ने आमजन से अग्निसुरक्षा नियमों का पालन करने और सुरक्षित वातावरण बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।