ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन और सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने वाले 163 लोगों पर कार्रवाई
पिथौरागढ़। जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस का चेकिंग अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली गंगोलीहाट पुलिस ने नशे में वाहन चला रहे एक चालक को गिरफ्तार कर उसका वाहन सीज कर दिया।
एसओ गंगोलीहाट कैलाश चन्द्र जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा वाहन चेकिंग के दौरान चालक मनोज कुमार शराब के नशे में वाहन चलाते पाया गया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर वाहन को सीज कर दिया।
इसके अलावा जनपद के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में चलाए गए सघन चेकिंग अभियान के दौरान ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने तथा सार्वजनिक स्थलों पर शराब पीकर हुड़दंग मचाने वाले कुल 163 लोगों के विरुद्ध चालानी एवं वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन बनाए रखने की अपील की है।
