28 जून को होगा राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान, पिथौरागढ़ में 41,446 बच्चों को पिलाई जाएगी दवा

खबर शेयर करें 👉

पिथौरागढ़। आगामी 28 जून को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में अभियान की रूपरेखा, व्यवस्थाओं और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में बताया गया कि जनपद के 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के कुल 41,446 बच्चों को पोलियो निरोधक दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए जिलेभर में 632 पोलियो बूथ स्थापित किए जाएंगे, जहां प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मी और स्वयंसेवक तैनात रहेंगे।

जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य, शिक्षा, बाल विकास, पंचायती राज, नगर निकाय एवं अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे, इसके लिए दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों में विशेष ध्यान दिया जाए।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.एस. नबियाल ने बताया कि अभियान के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं तथा स्वास्थ्य कर्मियों, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अर्चना कौशिक ने बताया कि बूथ दिवस के बाद घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को भी पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी।

बैठक में विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की प्रतिनिधि डॉ. मीनाक्षी सुमन ने भी पोलियो उन्मूलन के लक्ष्य को बनाए रखने के लिए सभी विभागों की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों से अभियान को सफल बनाने के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।