पिथौरागढ़। जनपद पिथौरागढ़ के थाना जाजरदेवल पुलिस ने वड्डा बाजार में दो सैनिकों के साथ हुई मारपीट के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 4 जून 2026 को थाना जाजरदेवल क्षेत्र के वड्डा बाजार में दो सैनिकों के साथ कुछ स्थानीय व्यक्तियों द्वारा मारपीट की गई थी, जिसमें दोनों सैनिक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के संबंध में थाना जाजरदेवल में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष मनोज पाण्डेय के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने सुरागरसी, साक्ष्य संकलन और लगातार की गई जांच के आधार पर मामले में संलिप्त तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में रविन्द्र थरकोटी निवासी ग्राम लेलू, जगदीश चन्द्र खड़ायत निवासी तल्ली रियांसी तथा कमलेश सिंह निवासी ग्राम लेलू शामिल हैं। पुलिस ने तीनों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सुप्रिया नेगी, अपर उपनिरीक्षक मनोज कुमार, कांस्टेबल होशियार सिंह और हेड कांस्टेबल जरनैल सिंह शामिल रहे।
