कैलाश मानसरोवर यात्रा से लौट रहे श्रद्धालु की हार्ट अटैक से मौत, नाभीढांग में बिगड़ी तबीयत

खबर शेयर करें 👉

धारचूला/पिथौरागढ़, 22 जुलाई 2026। कैलाश मानसरोवर यात्रा पूरी कर भारत लौट रहे एक श्रद्धालु का नाभीढांग क्षेत्र में तबीयत बिगड़ने के बाद निधन हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 22 जुलाई को कैलाश मानसरोवर यात्रा का चौथा दल, जिसमें 33 पुरुष, 17 महिलाएं तथा 2 सर्विस स्टाफ सहित कुल 52 सदस्य शामिल थे, सुबह 6:15 बजे गुंजी से आईटीबीपी की सुरक्षा में लिपुलेख दर्रे के लिए रवाना हुआ और सुबह 8:30 बजे तिब्बत की ओर प्रस्थान किया।

इसी दौरान कैलाश मानसरोवर यात्रा पूरी कर लौट रहा दूसरा दल सुबह 8:45 बजे लिपुलेख के रास्ते भारत पहुंचा। इसी दल में शामिल गोरी शंकर खंडेलवाल (63 वर्ष), पुत्र ललिता प्रसाद खंडेलवाल, निवासी विद्याधर नगर, जयपुर (राजस्थान), को लिपुलेख पहुंचने के दौरान सांस लेने में तकलीफ हुई।

उन्हें तत्काल सेना के एमआई रूम, नाभीढांग ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उनकी मृत्यु का कारण हार्ट अटैक (हृदयाघात) बताया जा रहा है।

एसडीएम आशीष जोशी ने बताया कि मृतक के शव तथा उनकी पत्नी निशा खंडेलवाल को हेलीकॉप्टर के माध्यम से गुंजी से पिथौरागढ़ पहुंचाया गया है। निशा भी पति के साथ यात्रा कैलाश मानसरोवर की यात्रा में थी। आगे की आवश्यक कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई की जा रही है।