बेरीनाग पालिका की जांच समिति पर विवाद, शिकायतकर्ता ने DM से मजिस्ट्रेटी जांच की मांग की

खबर शेयर करें 👉

बेरीनाग (पिथौरागढ़)। नगर पालिका परिषद बेरीनाग में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) और स्वच्छ भारत मिशन के तहत कथित भ्रष्टाचार एवं अनियमितताओं के आरोपों को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। वार्ड संख्या-3 भट्टीगांव निवासी कैलाश चन्याल ने आरोप लगाया है कि 15 मई 2026 को ‘हेलो हेल्प’ पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि निष्पक्ष जांच के बजाय पालिका प्रशासन ने अपने अधीनस्थ कर्मचारियों की जांच समिति गठित कर दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि समिति में एक माली और कनिष्ठ सहायकों को शामिल किया गया है, जिससे जांच की निष्पक्षता पर प्रश्न खड़े होते हैं। साथ ही आरटीआई के तहत सूचना उपलब्ध कराने में बाधा डालने और दस्तावेजों के निरीक्षण में अनावश्यक प्रतिबंध लगाने के आरोप भी लगाए गए हैं।
कैलाश चन्याल ने जिलाधिकारी से स्वतंत्र अधिकारी की अध्यक्षता में मजिस्ट्रेटी जांच कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि सात दिनों के भीतर निष्पक्ष जांच शुरू नहीं होने पर मामले को उच्च न्यायालय नैनीताल में जनहित याचिका के माध्यम से उठाया जाएगा।
वहीं, नगर पालिका परिषद बेरीनाग की अधिशासी अधिकारी मीनाक्षी बारदोला ने कहा कि गठित जांच टीम में अवर अभियंता मुख्य जांचकर्ता हैं। उन्होंने बताया कि कर्मचारियों की कमी के कारण एक माली को केवल सहयोग के लिए जांच टीम में शामिल किया गया है। जांच की जिम्मेदारी तकनीकी अधिकारी के नेतृत्व में ही संचालित की जा रही है।