स्थाई PTI की नियुक्ति के विरोध में उतरे 396 छात्र-छात्राएं, बोले- गेस्ट टीचर ही चाहिए

खबर शेयर करें 👉

गंगोलीहाट। जीआईसी दसाईथल और कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने स्थाई व्यायाम शिक्षक (PTI) की नियुक्ति का विरोध शुरू कर दिया है। गांधी जयंती के दिन नियुक्ति की सूचना मिलते ही दोनों विद्यालयों के 396 छात्र-छात्राएं मैदान में एकत्रित हो गए और प्रदर्शन व नारेबाजी की। विद्यार्थियों का कहना है कि पिछले एक वर्ष से कार्यरत गेस्ट व्यायाम शिक्षक के मार्गदर्शन में उनकी खेल प्रतिभा में उल्लेखनीय निखार आया है। विभिन्न प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने राज्य स्तर तक प्रतिभाग किया। छात्राओं ने कहा कि गेस्ट शिक्षक के साथ वे स्वयं को सुरक्षित महसूस करती हैं। खेल गतिविधियों के दौरान देर होने पर शिक्षक उन्हें घर तक पहुंचाने भी जाते हैं। गेस्ट शिक्षक के विद्यालय से हटने की सूचना पर कई छात्राएं भावुक होकर रोने लगीं। सूचना पर खंड शिक्षा अधिकारी रमेश चंद्र मौर्या धरना स्थल पहुंचे और विद्यार्थियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन छात्र-छात्राएं अपनी मांग पर अड़े रहे।