पिथौरागढ़ । आदि कैलाश यात्रा मार्ग पर बर्फ हटने से यात्रियों को बड़ी राहत मिली है। शिव-पार्वती कुंड और मंदिर तक करीब दो किलोमीटर मार्ग से बर्फ हटाकर आवाजाही सुचारु कर दी गई है। वहीं कुटी से 14,500 फीट की ऊंचाई पर स्थित ज्योलिंगकांग तक भी बीआरओ की 65 आरसीसी ग्रिफ टीम बर्फ हटाने में जुटी है।
गुंजी से नाभीढांग तक मार्ग सुचारु होने से प्रतिदिन करीब 500 यात्री ओम पर्वत के दर्शन कर रहे हैं। हालांकि, नाभीढांग से लिपुलेख तक करीब 12 किलोमीटर मार्ग अभी बर्फबारी के कारण बंद है। पिछले कुछ दिनों में यात्रियों की बढ़ती संख्या के चलते मार्ग पर जाम की स्थिति बनी थी, लेकिन बर्फ हटने के बाद आवाजाही आसान हुई है।
यात्रियों की बढ़ती आमद से स्थानीय होम स्टे संचालकों में भी उत्साह है। यात्रा में 3 अक्टूबर तक कुल 61,950 परमिट जारी किए जा चुके हैं।

