पिथौरागढ़ । स्पोर्ट्स कॉलेज लेलू में शुक्रवार को सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी का अनावरण किया गया। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने ट्रॉफी का अनावरण करते हुए प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रहे खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। प्रतियोगिता में संसदीय क्षेत्र की 12 विधानसभाओं से चयनित प्रतिभावान खिलाड़ी विभिन्न आयु वर्गों में प्रतिभाग कर रहे हैं। अजय टम्टा ने कहा कि खेलों से युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन और समर्पण की भावना विकसित होती है। खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को मोबाइल तक सीमित जीवनशैली और सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में भी सहायक हैं। जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने कहा कि खेलों से व्यक्तित्व का समग्र विकास, टीम भावना और अनुशासन विकसित होता है। कार्यक्रम में गणेश भंडारी, जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद सहित जनप्रतिनिधि और खेल विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

