पिथौरागढ़। नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पिथौरागढ़ पुलिस, चौकी ऐचोली, चौकी घाट और एसओजी की संयुक्त टीम ने 11.6 ग्राम हेरोइन (स्मैक) के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार ऐचोली से घाट रोड पर चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहे थे। टीम ने दोनों को रोककर तलाशी ली, जिसमें राहुल सिंह उर्फ जैकर (26) निवासी बालाकोट थरकोट के पास से 6.8 ग्राम और सागर शर्मा (22) निवासी सिनेमालाइन पिथौरागढ़ के पास से 4.8 ग्राम स्मैक बरामद हुई। दोनों के खिलाफ कोतवाली पिथौरागढ़ में धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस सप्लाई चेन और नशे के स्रोत की जांच कर रही है।

