पिथौरागढ़ । जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने शुक्रवार को विकास भवन का औचक निरीक्षण कर विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली, कार्मिकों की उपस्थिति और कार्यालयी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान बिना स्वीकृति अनुपस्थित मिले कार्मिकों को स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए।
डीएम ने अधिकारियों को कार्यालयों में समयबद्ध उपस्थिति, साफ-सफाई और अभिलेखों का सुव्यवस्थित रखरखाव सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी कार्यालयों में अनुशासनहीनता और लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। आगंतुकों से शिष्ट व्यवहार करने तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के कार्यों में अनावश्यक देरी न करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने सभी कार्मिकों के पहचान पत्र, सीट पर नाम पट्टिका और जिम्मेदारियों का स्पष्ट उल्लेख अनिवार्य किया। साथ ही सीसीटीवी कैमरे क्रियाशील रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण में समाज कल्याण, सहकारिता, ग्रामीण निर्माण सहित विभिन्न विभाग शामिल रहे।

