पिथौरागढ़। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चंडाक स्थित बाबू जगजीवन राम मेडिकल कॉलेज का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनके अनुभव और सुझाव भी जाने।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी सत्र से मेडिकल कॉलेज में 50 सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। कॉलेज के संचालन से सीमांत जनपद पिथौरागढ़ सहित आसपास के क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाएं सुदृढ़ होंगी। स्थानीय लोगों को आधुनिक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध होने के साथ ही युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के नए अवसर मिलेंगे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार दूरस्थ और सीमांत क्षेत्रों तक सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। निरीक्षण के दौरान केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा, विधायक बिशन सिंह चुफाल और फकीर राम टम्टा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

