मुख्यमंत्री धामी ने पिथौरागढ़ को दी ₹284 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

खबर शेयर करें 👉

पिथौरागढ़। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को पिथौरागढ़ में 284.07 करोड़ रुपये की लागत के 67 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 105.30 करोड़ रुपये के 33 कार्यों का लोकार्पण और 178.76 करोड़ रुपये के 34 कार्यों का शिलान्यास शामिल है। मुख्यमंत्री ने जनपद के लिए नौ महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं, जिनमें सड़क सुधारीकरण, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, उच्च शिक्षा और पेयजल योजनाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सीमांत पिथौरागढ़ के सर्वांगीण विकास, बेहतर आधारभूत सुविधाओं और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आदि कैलाश यात्रा से बढ़ते पर्यटन और स्वरोजगार के अवसरों का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे सीमांत क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को नई गति मिल रही है।

उन्होंने पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेज के संचालन, हवाई संपर्क के विस्तार और सड़क परियोजनाओं को क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम में स्वरोजगार योजनाओं के लाभार्थियों को एक करोड़ रुपये से अधिक के चेक भी वितरित किए गए। इस दौरान केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।