आदि कैलाश परिक्रमा रन-2.0 का भव्य आगाज, 26 राज्यों के 1,100 धावक ले रहे हिस्सा

खबर शेयर करें 👉

पिथौरागढ़ । उत्तराखंड के सीमांत जनपद पिथौरागढ़ की व्यास घाटी में आदि कैलाश परिक्रमा रन-2.0 का शनिवार सुबह भव्य शुभारंभ हुआ। देश के 26 राज्यों से करीब 1,100 प्रतिभागी इस आयोजन में हिस्सा ले रहे हैं। 70 किलोमीटर की अल्ट्रा मैराथन को पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल और मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। वहीं, गुंजी से 42 किलोमीटर की मैराथन को दर्जा राज्य मंत्री अशोक नबियाल और उपजिलाधिकारी धारचूला आशीष जोशी ने रवाना किया।

करीब 4,500 मीटर की ऊंचाई पर आयोजित इस चुनौतीपूर्ण दौड़ में कम तापमान, कम ऑक्सीजन और दुर्गम पहाड़ी रास्तों के बावजूद धावकों ने उत्साह और साहस का प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों ने नशामुक्त समाज बनाने की शपथ भी ली।

आयोजन के तहत 70 किलोमीटर की मुख्य दौड़ जोलिंगकांग स्थित आदि कैलाश से शुरू होकर छियालेख होते हुए गुंजी में समाप्त होगी। महिला और पुरुष प्रतिभागियों के लिए अलग-अलग आयु वर्गों में प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऑनलाइन माध्यम से धावकों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन उत्तराखंड को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य पर्यटन को बढ़ावा देकर स्थानीय लोगों की आजीविका और रोजगार के अवसरों को मजबूत करना है।

गौरतलब है कि पिछले वर्ष आयोजित पहले संस्करण में करीब 750 धावकों ने प्रतिभाग किया था, जबकि इस बार यह संख्या बढ़कर लगभग 1,100 हो गई है। प्रतिभागियों की बढ़ती संख्या आदि कैलाश क्षेत्र में साहसिक पर्यटन की संभावनाओं और लोकप्रियता को दर्शाती है। यह आयोजन सीमांत क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता को देश-दुनिया तक पहुंचाने और स्थानीय पर्यटन को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।