मुख्यमंत्री धामी कल पिथौरागढ़ में, आदि कैलाश परिक्रमा रन-2.0 में करेंगे प्रतिभाग; विकास योजनाओं की देंगे सौगात

खबर शेयर करें 👉

पिथौरागढ़। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार, 25 अक्टूबर को पिथौरागढ़ जनपद के भ्रमण पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह गुंजी पहुंचकर सेना के जवानों से भेंट-वार्ता करेंगे। इसके बाद आदि कैलाश परिक्रमा रन-2.0 में प्रतिभाग करने के साथ पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से पिथौरागढ़ पहुंचकर रामलीला मैदान में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे। यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के लिए समय आरक्षित है। इसके साथ ही विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास और जनसभा प्रस्तावित है।

मुख्यमंत्री घण्टाकरण स्थित सीमान्त नेत्र चिकित्सालय में ऑप्टिकल बायोमीटर का शुभारंभ एवं निरीक्षण करेंगे। इसके बाद चण्डाक स्थित बाबू जगजीवन राम मेडिकल कॉलेज का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। दोपहर बाद मुख्यमंत्री हड़खोला से रवाना होकर हल्द्वानी पहुंचेंगे, जहां शाम को कुमाऊं द्वार महोत्सव में प्रतिभाग करेंगे।