पिथौरागढ़। जिले की लाइफ लाइन कहे जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर घाट के पास मुन्ना बैंड में एक बार फिर यातायात ठप हो गया है। जिले में कल शाम करीब 5 बजे से लगातार हो रही बारिश के चलते मुन्ना बैंड के पास पहाड़ी से लगातार मलबा और पत्थर गिर रहे हैं, जिससे सड़क पर आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई है।
सड़क बंद होने से दोनों ओर 350 से अधिक वाहन और हजारों यात्री फंसे हुए हैं। लगातार मलबा गिरने के कारण सड़क खोलने के कार्य में भी चुनौती बनी हुई है।
गौरतलब है कि पिछले एक पखवाड़े में राष्ट्रीय राजमार्ग-9 का यह महत्वपूर्ण हिस्सा करीब 52 घंटे बंद रह चुका है। बार-बार सड़क बंद होने से सीमांत जिले की आवाजाही और जरूरी सेवाओं पर भी असर पड़ रहा है।
एडवाइजरी से आगे कब होगा स्थायी समाधान?
बार-बार हो रही इस समस्या को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी और चिंता बढ़ रही है। लोगों का कहना है कि प्रशासन की ओर से बारिश के दौरान एडवाइजरी जारी कर सावधानी बरतने की अपील की जाती है, लेकिन मुन्ना बैंड की लगातार बनी हुई समस्या के तत्काल समाधान को लेकर ठोस व्यवस्था नजर नहीं आ रही है।
स्थायी समाधान के लिए टेंडर और पहाड़ी के ट्रीटमेंट की बात जरूर की जा रही है, लेकिन जब तक स्थायी कार्य पूरा नहीं होता, तब तक तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था और सुरक्षित यातायात बहाली की जरूरत महसूस की जा रही है।
बार-बार सड़क बंद होने से यात्रियों को घंटों जाम में फंसना पड़ रहा है और सीमांत क्षेत्र के लोगों की मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं।

