पिथौरागढ़। मड़धूरा स्थित ग्रीन आइलैंड क्षेत्र में बुधवार रात शिवशंकर पंत के होटल में अचानक भीषण आग लग गई। आग तेजी से फैलने से होटल का काफी हिस्सा जल गया। हादसे में होटल कर्मचारी श्याम सिंह भंडारी आंशिक रूप से झुलस गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अग्निकांड में 40 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।
पुलिस के अनुसार रात करीब 8:30 बजे कंट्रोल रूम को आग की सूचना मिली। फायर स्टेशन पिथौरागढ़ की टीम दमकल वाहन के साथ मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई। आग की भयावहता को देखते हुए अतिरिक्त दमकल वाहन बुलाया गया। दोनों वाहनों से पानी की बौछार कर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। समय रहते आग नियंत्रित होने से आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित बचा लिया गया।

