पिथौरागढ़ । मासूम कशिश उर्फ नन्हीं परी की 12वीं बरसी पर शुक्रवार को न्याय की मांग को लेकर लोगों का आक्रोश सड़कों पर दिखा। संयुक्त संघर्ष समिति के आह्वान पर रामलीला मैदान से गांधी चौक तक न्याय मार्च निकाला गया। प्रदर्शनकारियों ने ‘नन्हीं परी को न्याय दो’ और ‘कशिश हम शर्मिंदा हैं, तेरे कातिल जिंदा हैं’ के नारे लगाए। गांधी चौक पर श्रद्धांजलि सभा में विधायक मयूख महर और यूकेडी नेता काशी सिंह ऐरी ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए मजबूत पैरवी की मांग की। परिजनों ने सुप्रीम कोर्ट से मुख्य अभियुक्त के दोषमुक्त होने और सुनवाई की जानकारी नहीं मिलने पर नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से पुनर्विचार याचिका पर जल्द सुनवाई और सुप्रीम कोर्ट में प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने की मांग की।

