विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटा प्रशासन, डीएम ने लक्ष्मण सिंह महर परिसर का किया निरीक्षण

खबर शेयर करें 👉

पिथौरागढ़। आगामी विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने गुरुवार को लक्ष्मण सिंह महर परिसर का स्थलीय निरीक्षण कर निर्वाचन व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उल्लेखनीय है कि चुनाव के दौरान इसी परिसर में स्ट्रांग रूम स्थापित करने के साथ पोलिंग पार्टियों की रवानगी और मतगणना का कार्य प्रस्तावित है।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने स्ट्रांग रूम की स्थापना, सुरक्षा व्यवस्था, आवागमन और परिसर में उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी, सुचारू एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और निर्धारित मानकों का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान परिसर निदेशक हेम चंद्र पांडे सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।