दीपावली पर पिथौरागढ़ में ट्रैफिक का नया प्लान! 6 से 8 नवंबर तक सिमलगैर बाजार में वाहनों की नो एंट्री, रामलीला मैदान बनेगा पार्किंग स्थल

खबर शेयर करें 👉

पिथौरागढ़। धनतेरस एवं दीपावली पर्व पर नगर की यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए पुलिस ने 6 से 8 नवंबर तक विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है। इसके तहत विजडम तिराहे से नगर की ओर सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक भारी एवं व्यावसायिक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। सिमलगैर बाजार में दोपहिया और चौपहिया वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी। वाहन चालकों के लिए रामलीला मैदान सहित निर्धारित पार्किंग स्थल उपलब्ध रहेंगे। पटाखा बाजार आने वाले दोपहिया वाहन उपलब्धता के अनुसार देव सिंह मैदान तथा चौपहिया वाहन देव सिंह पार्किंग में खड़े होंगे। धारचूला और मुनस्यारी जाने वाले भारी वाहन विजडम तिराहा–टनकपुर तिराहा–एपीएस मार्ग से संचालित होंगे। पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन कर व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।