देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दीपावली से पहले प्रदेश के 9,99,484 पेंशनधारकों को बड़ी राहत देते हुए अक्टूबर माह की पेंशन के रूप में ₹148.18 करोड़ की धनराशि डीबीटी के माध्यम से बैंक खातों में हस्तांतरित की। मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि वृद्धजनों, विधवा महिलाओं, दिव्यांगजनों और जरूरतमंदों को समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। अक्टूबर माह में वृद्धावस्था पेंशन के 6.24 लाख, विधवा पेंशन के 2.39 लाख और दिव्यांग पेंशन के करीब 90 हजार लाभार्थियों को भुगतान किया गया। इसके अलावा किसान, परित्यक्ता, तीलू रौतेली सहित अन्य पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों को भी धनराशि दी गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि डीबीटी से पारदर्शिता बढ़ी है और पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ सीधे पहुंच रहा है।

