देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास से उत्तराखंड परिवहन निगम की 59 नई बीएस-06 बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। नई बसों में नैनीताल मंडल को 19, टनकपुर और देहरादून मंडल को 20-20 बसें आवंटित की गई हैं। इनके संचालन से प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था मजबूत होने के साथ यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक सफर मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्वतीय एवं दुर्गम क्षेत्रों में बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। वर्तमान में परिवहन निगम के बेड़े में 1,276 बसें संचालित हैं, जिनमें 891 निगम की और 385 अनुबंधित बसें हैं। नई बसों से दूरस्थ क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी और स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी।

