पिथौरागढ़। जिले में कमजोर नेटवर्क की समस्या को लेकर जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने सेवा प्रदाता कंपनियों के प्रतिनिधियों को कड़ी फटकार लगाई। जिला टेलीकॉम समिति की बैठक में उन्होंने बीएसएनएल, जियो, एयरटेल, वीआई समेत अन्य कंपनियों को नेटवर्क गुणवत्ता सुधारने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि जब जनता संचार सेवाओं का भुगतान कर रही है तो उसे गुणवत्तापरक सेवा देना कंपनियों का दायित्व है। सीमांत और सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण पिथौरागढ़ में बेहतर नेटवर्क बेहद जरूरी है। बीएसएनएल के 95 प्रस्तावित टावरों में 62 स्थापित हो चुके हैं, शेष जल्द शुरू करने के निर्देश दिए गए। गूंजी में प्रस्तावित हाई एल्टीट्यूड अल्ट्रा मैराथन और आदि कैलाश क्षेत्र के लिए विशेष नेटवर्क प्लान बनाने को भी कहा गया।

