सेवाओं की स्मृतियां हुईं जीवंत, स्व. गिरिजा शंकर जोशी को नम आंखों से दी श्रद्धांजलि

खबर शेयर करें 👉

पिथौरागढ़। जिला सूचना अधिकारी नैनीताल रहे स्व. गिरिजा शंकर जोशी के निधन पर जिला सूचना कार्यालय पिथौरागढ़ में शोक सभा आयोजित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। पत्रकारों एवं जिला सूचना कार्यालय के कार्मिकों ने स्व. जोशी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनकी स्मृतियों को नमन किया।

शोक सभा में वक्ताओं ने स्व. गिरिजा शंकर जोशी के विभागीय एवं सामाजिक क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों को याद करते हुए उनके व्यक्तित्व और कार्यशैली की सराहना की। उपस्थित लोगों ने कहा कि स्व. जोशी ने अपने सेवाकाल के दौरान सूचना विभाग तथा पत्रकारिता जगत के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

करीब 28 वर्षों तक सूचना एवं लोक संपर्क विभाग में विभिन्न पदों पर सेवाएं देने वाले स्व. जोशी ने पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, चंपावत और नैनीताल में जिला सूचना अधिकारी के रूप में जिम्मेदारियां निभाईं। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने सूचना विभाग के साथ-साथ पत्रकार हितों से जुड़े विभिन्न विषयों में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।

इस अवसर पर दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की गई। साथ ही शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में हरसंभव सहयोग देने का संकल्प व्यक्त किया गया।

शोक सभा में जिला सूचना अधिकारी संतोष चंद, वरिष्ठ पत्रकार विजय वर्धन उप्रेती, भक्तदर्शन पाण्डेय, राकेश पंत, कुंडल सिंह चौहान, मनीष चौधरी, राजेश पंगरिया, कोमल मेहता, बृजेश तिवारी, प्रकाश पाण्डेय सहित अन्य पत्रकार एवं सूचना विभाग के कार्मिक उपस्थित रहे।