पिथौरागढ़। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय प्रकाश पंत जी, कैलाश पंत जी तथा वरिष्ठ नेता भूपेश पंत जी की माताजी का आज उनके खड़कोट स्थित आवास पर लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उनके निधन की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
दुःखद समाचार की जानकारी मिलते ही भाजपा जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी, दर्जा राज्यमंत्री गणेश भंडारी, डीडीहाट विधायक बिशन सिंह चुफाल, जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, महापौर कल्पना देवलाल, राजेंद्र रावत, दिवाकर जोशी, कोमल मेहता, राकेश देवलाल, वीरेंद्र शाह, रघुवीर सिंह बिष्ट सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि खड़कोट स्थित उनके आवास पहुंचे और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की।
इस दौरान सभी ने दिवंगत पुण्यात्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार को इस दुःख की घड़ी में धैर्य प्रदान करने की कामना की।

