पिथौरागढ़। सीमांत क्षेत्र में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर सिम कार्ड एक्टिवेट करने वालों के खिलाफ पिथौरागढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। SOG और कोतवाली धारचूला पुलिस की संयुक्त टीम ने धारचूला में छापेमारी कर फर्जी आईडी पर सिम एक्टिवेट करने के आरोप में संतोष प्रसाद बगौली निवासी सेली (जुम्मा), धारचूला को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से Vi कंपनी के तीन अवैध प्री-एक्टिवेटेड सिम कार्ड और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ कोतवाली धारचूला में BNS की धारा 318(4) और दूरसंचार अधिनियम, 2023 की धारा 42 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार अभियान के तहत अब तक पांच POS एजेंटों पर कार्रवाई करते हुए 1,183 सिम, सात मोबाइल और 63 आधार कार्ड जब्त किए गए हैं। साथ ही 95 सिम और 157 मोबाइल नंबर ब्लॉक कराए गए हैं।

