पिथौरागढ़ । त्योहारी सीजन में यातायात व्यवस्था को सुचारु और सुरक्षित बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने पुलिस एवं परिवहन विभाग को सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए।
डीएम ने ओवरस्पीडिंग, ट्रिपल राइडिंग, नशे में वाहन चलाने और बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाने वालों पर विशेष निगरानी रखने को कहा। साथ ही शहर एवं प्रमुख मार्गों पर लंबे समय से खड़े वाहनों को हटाने, प्रेशर हॉर्न के खिलाफ कार्रवाई करने और वाहनों की फिटनेस जांचने के निर्देश दिए।
उन्होंने यातायात व्यवस्था की निगरानी के लिए सभी आवश्यक सीसीटीवी कैमरों को चालू रखने तथा पुलिस और परिवहन विभाग को आपसी समन्वय से कार्रवाई करने को कहा।
जिलाधिकारी ने कहा कि आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। नियमों का उल्लंघन कर दूसरों की जान जोखिम में डालने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने नागरिकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की।

