मुनस्यारी। नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसओजी पिथौरागढ़ और कोतवाली मुनस्यारी पुलिस की संयुक्त टीम ने धापा बैंड के पास एक बाइक सवार युवक को 206 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार संदिग्ध युवक टीम को देखकर बाइक मोड़कर भागने लगा, जिस पर उसे रोककर तलाशी ली गई। उसके पास से पन्नी सहित 206 ग्राम चरस बरामद हुई। तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी सीज कर दिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 25 वर्षीय जीवन सिंह राणा, निवासी गोल्फा, मुनस्यारी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी इंस्टाग्राम पर चरस की फोटो और वीडियो प्रसारित कर युवाओं को नशे के सेवन के लिए उकसा रहा था। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई है।

