कच्ची शराब के साथ एक गिरफ्तार, शराब पीकर वाहन चलाने पर चालक हिरासत में

खबर शेयर करें 👉

पिथौरागढ़ । जिले में पुलिस का ‘ऑपरेशन प्रहार’ अभियान लगातार जारी है। शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की।

कोतवाली गंगोलीहाट के प्रभारी निरीक्षक कैलाश चन्द्र जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए मोहन लाल निवासी फगाली थरकोट को पांच लीटर कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

वहीं, थाना जाजरदेवल के थानाध्यक्ष प्रकाश पाण्डे के नेतृत्व में वाहन चेकिंग के दौरान नवीन सिंह खोलिया को शराब पीकर वाहन चलाते हुए पकड़ा गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर संबंधित वाहन सीज कर दिया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।