पिथौरागढ़। अंकिता भंडारी हत्याकांड की चौथी बरसी पर शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने पिथौरागढ़ के सिल्थाम तिराहे पर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान वक्ताओं ने अंकिता हत्याकांड समेत प्रदेश में सामने आए महिला हिंसा और अपराध के मामलों को लेकर सरकार पर सवाल उठाए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि एक ओर सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर दीप जला रही है, वहीं दूसरी ओर अंकिता भंडारी, हेमा नेगी हत्याकांड, चंपावत में नाबालिग से दुष्कर्म, मैंगलोर सामूहिक दुष्कर्म, श्रीनगर, द्वाराहाट और देहरादून की घटनाओं सहित कई मामलों में पीड़ितों को न्याय का इंतजार है। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि धामी सरकार के कार्यकाल में महिला हिंसा बढ़ी है और अपराधियों में कानून का भय नहीं है।

