पिथौरागढ़ में आर्मी यूनिफॉर्म की अवैध बिक्री का भंडाफोड़, दुकानदार गिरफ्तार

खबर शेयर करें 👉

पिथौरागढ़ पुलिस ने आर्मी इंटेलिजेंस से मिली गोपनीय सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए सेना की वर्दी (आर्मी यूनिफॉर्म) के अवैध भंडारण और बिक्री का भंडाफोड़ किया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ललित मोहन जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कासनी क्षेत्र स्थित एक दुकान पर छापेमारी की, जहां बड़ी मात्रा में आर्मी यूनिफॉर्म बरामद हुई। जांच में सामने आया कि सैन्य वर्दियां आम नागरिकों को बेची जा रही थीं, जबकि सुरक्षा कारणों से इसकी बिक्री प्रतिबंधित है। पुलिस ने दुकान स्वामी हिमांशु गिरी निवासी कासनी को गिरफ्तार कर यूनिफॉर्म जब्त कर ली। आरोपी के खिलाफ कोतवाली पिथौरागढ़ में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) एवं 349 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और मामले की विस्तृत जांच जारी है।