कोतवाली पिथौरागढ़ पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए मानसिक रूप से परेशान एक भटकी महिला को सुरक्षित उसके परिजनों से मिलाया। डायल-112 पर सूचना मिलने के बाद उपनिरीक्षक ललित डंगवाल महिला पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। महिला अपना नाम-पता बताने में असमर्थ थी, इसलिए उसे सुरक्षा के मद्देनजर वन स्टॉप सेंटर में रखा गया। पुलिस ने महिला का विवरण और फोटो आसपास के जनपदों में साझा किए, जिससे पता चला कि उसके संबंध में थाना खटीमा में गुमशुदगी दर्ज है। इसके बाद परिजनों से संपर्क कर उन्हें पिथौरागढ़ बुलाया गया और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद महिला को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया।
जब भटकी महिला को सुरक्षित परिजनों से मिलाया
