उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पिथौरागढ़ में आयोजित ‘परिवर्तन संकल्प सम्मेलन’ के दौरान कथित अनुशासनहीनता को गंभीरता से लेते हुए पूर्व जिलाध्यक्ष महेंद्र सिंह लुंठी, जिला कांग्रेस कमेटी के नेता दीपक लुंठी तथा महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष भावना नगरकोटी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। प्रदेश महामंत्री राजेंद्र सिंह भंडारी की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि 30 जून को प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम के दौरान तीनों नेताओं ने अपने सहयोगियों के साथ मंच पर अव्यवस्था फैलाई और वरिष्ठ नेताओं के साथ अभद्र व्यवहार किया। पार्टी का आरोप है कि इस घटना से संगठन की छवि धूमिल हुई है और यह घोर अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने तीनों नेताओं से तीन दिन के भीतर लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। नोटिस में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि निर्धारित समय सीमा में संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया तो उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए छह वर्ष के लिए पार्टी से निष्कासित किया जा सकता है। इस कार्रवाई की प्रतिलिपि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की प्रभारी कुमारी सैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, प्रदेश अनुशासन समिति तथा अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों को भी भेजी गई है।
