कांग्रेस में अनुशासनात्मक कार्रवाई तेज, भावना नगरकोटी के बाद पिथौरागढ़ महिला कांग्रेस की पूरी जिला कार्यकारिणी भंग

खबर शेयर करें 👉

पिथौरागढ़ में आयोजित कांग्रेस के ‘परिवर्तन संकल्प सम्मेलन’ के दौरान कथित अनुशासनहीनता के मामले में पार्टी ने बड़ा संगठनात्मक कदम उठाया है। उत्तराखंड प्रदेश महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने 30 जून को कार्यालय आदेश जारी कर पिथौरागढ़ जिला महिला कांग्रेस की पूरी जिला कार्यकारिणी को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है।

जारी आदेश में कहा गया है कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित सम्मेलन के दौरान प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल की उपस्थिति में जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष भावना नगरकोटी द्वारा पार्टी मंच पर गंभीर अनुशासनहीनता की घटना सामने आई। संगठनात्मक अनुशासन बनाए रखने और पार्टी की गरिमा बनाए रखने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।

प्रदेश महिला कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा। इस निर्णय की प्रतिलिपि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा, कांग्रेस महासचिव एवं उत्तराखंड प्रभारी कुमारी सैलजा सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों को भी भेजी गई है। इससे पहले पार्टी ने भावना नगरकोटी समेत अन्य नेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन में स्पष्टीकरण भी मांगा है।