जीप पर गिरे बोल्डर और मलबा, बाल बाल बचे दो लोग

खबर शेयर करें 👉

पिथौरागढ़ जिले के धारचूला क्षेत्र में बुधवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। तीनतोला-गस्कू मोटर मार्ग पर अचानक पहाड़ से भारी मात्रा में बोल्डर और मलबा गिरने से एक यात्री जीप पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि चालक और एक यात्री ने समय रहते वाहन से उतरकर दौड़ लगाई, जिससे उनकी जान बच गई। हादसे का वीडियो अब सामने आया है, जिसमें पहाड़ से लगातार बड़े-बड़े बोल्डर और भारी मात्रा में मलबा गिरता हुआ दिखाई दे रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही चालक को भूस्खलन का आभास हुआ, उसने तुरंत जीप रोक दी। चालक और वाहन में सवार एक यात्री तेजी से सुरक्षित स्थान की ओर भागे। उनके वाहन से दूर होते ही विशाल बोल्डर जीप पर आ गिरे, जिससे वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस स्थान पर पिछले कुछ समय से लगातार मलबा और बोल्डर गिर रहे हैं। ऐसे में सड़क से गुजरने वाले वाहन चालकों और पैदल यात्रियों में दहशत का माहौल है। लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और जोखिम वाले हिस्से की निगरानी बढ़ाने की मांग की है।