मुनस्यारी, पिथौरागढ़। मुनस्यारी क्षेत्र के रड़गाड़ी और लास्पा के बीच रुपसियाबगड़ मार्ग पर शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई। सामान पहुंचाकर लौट रही एक पिकअप वाहन अचानक अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिर गई और गोरी नदी किनारे जा पहुंची।
जानकारी के अनुसार वाहन स्वामी कुंदन सिंह पांगती की पिकअप लास्पा गांव से मुनस्यारी लौट रही थी। वाहन में चालक समेत तीन लोग सवार थे। शाम करीब पांच बजे रड़गाड़ी के पास वाहन का स्टेरिंग फेल हो गया, जिससे चालक नियंत्रण खो बैठा और वाहन गहरी खाई में गिर गया।
हादसे में चालक जगत मेहता निवासी तेजम वाहन से बाहर छिटक जाने के कारण मामूली रूप से घायल हुआ और उसकी जान बच गई। वहीं वाहन में सवार मनेंद्र राम (30) पुत्र उमेद राम निवासी व्यांगी पांगू तथा प्रकाश (28), मूल निवासी नेपाल एवं हाल निवासी मुनस्यारी, वाहन के साथ खाई में गिर गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
क्षेत्र में नेटवर्क सुविधा नहीं होने के कारण घटना की सूचना सबसे पहले आईटीबीपी को मिली। इसके बाद प्रशासन, एसडीआरएफ और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। आईटीबीपी, एसडीआरएफ और पुलिस के जवानों ने निरीक्षक विकास मेहरा, उप निरीक्षक सुनील चंद और एसआई नीरज चौहान के नेतृत्व में करीब आठ घंटे तक कठिन रेस्क्यू अभियान चलाया।
कड़ी मशक्कत के बाद दोनों शवों को खाई से निकालकर मुख्य सड़क तक पहुंचाया गया और 108 एंबुलेंस की सहायता से मुनस्यारी अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।
रुपसियाबगड़ मार्ग पर दर्दनाक हादसा: 200 मीटर गहरी खाई में गिरी पिकअप, दो की मौत
