एसआईआर अभियान: तैयार रखें फोटो और दस्तावेज, बीएलओ करेंगे घर-घर सत्यापन

खबर शेयर करें 👉

देहरादून। राज्य में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत 8 जून से 7 जुलाई तक बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं का भौतिक सत्यापन करेंगे। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार कोई भी पात्र मतदाता छूट न जाए, इसके लिए बीएलओ प्रत्येक मतदाता के आवास पर कम से कम तीन बार संपर्क करेंगे।
आयोग ने मतदाताओं से नई पासपोर्ट साइज फोटो और आवश्यक दस्तावेज पहले से तैयार रखने की अपील की है। वर्ष 2003 में 18 वर्ष से कम आयु वाले मतदाताओं को माता-पिता या दादा-दादी की मतदाता सूची में मैपिंग संबंधी जानकारी देनी होगी। वहीं, यदि कोई नागरिक विदेश या अन्य स्थान पर रह रहा है तो उसके परिजन बीएलओ के माध्यम से एन्यूमरेशन फॉर्म भरवा सकेंगे।
सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तूदास ने बताया कि यह अभियान मतदाता डाटा को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने सभी मतदाताओं से सत्यापन प्रक्रिया में सहयोग करने और आवश्यक जानकारी समय पर उपलब्ध कराने की अपील की है।