पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेज में अक्तूबर से शुरू होंगी एमबीबीएस की कक्षाएं

खबर शेयर करें 👉

पिथौरागढ़। एनएमसी को भेजा गया आवेदन, 100 सीटों पर होगा प्रवेश, बेस अस्पताल भी जल्द होगा संचालित। पिथौरागढ़ के मोष्टामानू में निर्माणाधीन राजकीय मेडिकल कॉलेज में आगामी अक्तूबर से एमबीबीएस की कक्षाएं शुरू करने की तैयारी तेज हो गई है। कॉलेज में 100 एमबीबीएस सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। इसके लिए राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) को आवेदन भेजा जा चुका है और अगले तीन माह के भीतर निरीक्षण टीम के दौरे की संभावना जताई जा रही है।
शनिवार को चिकित्सा शिक्षा विभाग के अपर निदेशक डॉ. रविंद्र सिंह बिष्ट ने निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज, बेस अस्पताल और जिला अस्पताल का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्था को शेष कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
डॉ. बिष्ट ने बताया कि मेडिकल कॉलेज का लेक्चर थिएटर और छात्रावास तैयार हो चुके हैं तथा आवश्यक फर्नीचर अगले दस दिनों में पहुंचने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि अक्तूबर से पहले कॉलेज में शैक्षणिक गतिविधियां शुरू कर दी जाएंगी।
उन्होंने यह भी बताया कि बेस अस्पताल को जल्द संचालित किया जाएगा। मेडिकल कॉलेजों में शिक्षण व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पिथौरागढ़, अल्मोड़ा और श्रीनगर मेडिकल कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसरों की नियुक्ति हेतु 450 पदों की विज्ञप्ति शीघ्र जारी की जाएगी।
जिला अस्पताल के मेडिकल कॉलेज में विलय की चर्चाओं पर डॉ. बिष्ट ने स्पष्ट किया कि जिला अस्पताल को मर्ज नहीं किया गया है। मेडिकल कॉलेज संचालन के लिए आवश्यक 420 बेड की व्यवस्था होने तक जिला अस्पताल को संबद्ध रखा गया है। मेडिकल कॉलेज में 300 बेड का अस्पताल बनने के बाद जिला अस्पताल पहले की तरह स्वतंत्र रूप से कार्य करेगा।