पिथौरागढ़। रूस में बंधक बनाए जाने की चर्चित सूचना पिथौरागढ़ पुलिस की जांच में भ्रामक साबित हुई है। पुलिस के अनुसार, चिमस्यिानौला निवासी भूपेन्द्र सिंह कार्की और आनंद सिंह कार्की रूस में सुरक्षित हैं और वैध वर्क परमिट पर नौकरी कर रहे हैं।
जांच में पता चला कि दोनों युवक 5 मई 2026 को फ्लाई हाई ट्रैवल एजेंसी, सितारगंज के माध्यम से तीन वर्षीय वर्क परमिट पर रूस गए थे। पुलिस ने ट्रैवल एजेंसी और सहयोगी कंपनी से पूछताछ के साथ ही आनंद सिंह कार्की से वीडियो कॉल पर संपर्क किया। आनंद ने बताया कि वह और उनके भाई मास्को स्थित बिजनेस एक्सप्रेस कोरियर हाउस के वेयरहाउस में बारकोड स्कैनिंग का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनके पास पासपोर्ट सुरक्षित है, वे नियमित रूप से परिवार के संपर्क में हैं और किसी भी प्रकार से बंधक नहीं हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों युवकों और कंपनी के बीच केवल कम वेतन को लेकर विवाद है। जांच में दोनों के रूस में सुरक्षित होने और स्वतंत्र रूप से भारत लौटने में सक्षम होने की पुष्टि हुई है।
