कैलाश मानसरोवर यात्रा-2026 का पहला दल शुक्रवार को उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले स्थित लिपुलेख दर्रे के रास्ते चीन में प्रवेश कर गया। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के अधिकारियों ने सभी आवश्यक आव्रजन एवं सीमा संबंधी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद यात्रा दल को चीन की सीमा पर तैनात अधिकारियों के सुपुर्द किया।
पहले दल में 48 श्रद्धालुओं के साथ एक चिकित्साकर्मी और तीन किचन स्टाफ सहित कुल 52 सदस्य शामिल हैं। चीन में प्रवेश के बाद यह दल निर्धारित पड़ावों पर रुकते हुए आगामी दिनों में पवित्र कैलाश पर्वत और मानसरोवर झील की यात्रा पूरी करेगा।
कैलाश मानसरोवर यात्रा भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के समन्वय में आयोजित की जा रही है। लिपुलेख मार्ग से यात्रा के लिए प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने व्यापक व्यवस्थाएं की हैं, ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
