55वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, पिथौरागढ़ द्वारा सीमावर्ती क्षेत्रों में नागरिक कल्याण कार्यक्रम (Civic Action Programme) के अंतर्गत स्थानीय नागरिकों एवं पशुपालकों के हित में निरंतर जनकल्याणकारी गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में दिनांक 20 जुलाई 2026 को “जी” समवाय, बगड़ीहाट के कार्यक्षेत्र अंतर्गत वाइब्रेंट ग्राम तीतरी में एक दिवसीय पशु चिकित्सा एवं नागरिक कल्याण शिविर का सफल आयोजन किया गया।
इस शिविर का आयोजन सीमांत मुख्यालय, सशस्त्र सीमा बल, रानीखेत के डॉ. अश्विनी कुमार सिन्हा, कमांडेंट (पशु चिकित्सा) की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस अवसर पर “जी” समवाय, बगड़ीहाट के समवाय प्रभारी श्री दीवान सिंह, सहायक कमांडेंट सहित समवाय के 07 अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।
शिविर के दौरान डॉ. अश्विनी कुमार सिन्हा तथा डॉ. लोकेश धौनी, पशु चिकित्सा अधिकारी, जौलजीबी द्वारा ग्रामीणों के पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। साथ ही पशुपालकों को पशुओं के उचित रखरखाव, समयबद्ध टीकाकरण, विभिन्न रोगों की रोकथाम, संतुलित आहार एवं वैज्ञानिक पशुपालन संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान कर उन्हें जागरूक किया गया।
इस शिविर से तीतरी एवं चिमटोली सहित दो सीमांत गाँवों के 19 पशुपालक लाभान्वित हुए। शिविर के दौरान कुल 101 पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया गया, जिनमें 35 गाय/भैंस, 59 बकरियाँ तथा 07 श्वान (डॉग) शामिल रहे।
कार्यक्रम के उपरांत ग्रामीणों ने सीमावर्ती क्षेत्रों में पशु स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराने हेतु सशस्त्र सीमा बल की इस जनहितकारी पहल की मुक्तकंठ से सराहना की तथा इसे अत्यंत उपयोगी एवं समयानुकूल बताया। सशस्त्र सीमा बल ने भविष्य में भी सीमांत क्षेत्रों में ऐसे जनकल्याणकारी एवं पशु कल्याण कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
सशस्त्र सीमा बल का यह प्रयास सीमावर्ती क्षेत्रों में निवास करने वाले स्थानीय नागरिकों के साथ विश्वास, सहयोग एवं सौहार्दपूर्ण संबंधों को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। ऐसे कार्यक्रम न केवल पशुपालकों एवं ग्रामीणों को प्रत्यक्ष लाभ प्रदान करते हैं, बल्कि सुरक्षा बलों के प्रति जनविश्वास, आत्मीयता एवं सकारात्मक सहभागिता को भी सशक्त बनाते हैं।
समाचार पत्रों एवं अन्य प्रचार माध्यमों में प्रकाशनार्थ सादर प्रेषित।
