पिथौरागढ़ में भारतीय जनता पार्टी ने विधायक मयूख महर के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। जिला अध्यक्ष गिरीश जोशी के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सिल्थाम तिराहे पर विरोध प्रदर्शन करते हुए विधायक का पुतला दहन किया। इस दौरान भाजपा नेताओं ने विधायक पर विकास कार्यों का झूठा श्रेय लेने और जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया।
भाजपा जिला अध्यक्ष गिरीश जोशी ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य, सड़क और अन्य विकास कार्यों को पूरी ईमानदारी से आगे बढ़ा रही है, लेकिन विधायक मयूख महर हर बार धरना-प्रदर्शन कर उन्हीं कार्यों का श्रेय लेने की कोशिश करते हैं। उन्होंने दावा किया कि पिथौरागढ़ की जनता अब ऐसे राजनीतिक ड्रामों को समझ चुकी है और समय आने पर इसका जवाब देगी।
दर्जा राज्य मंत्री गणेश भंडारी ने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा बजट स्वीकृत होने और कार्य अंतिम चरण में पहुंचने के बाद विधायक धरना देकर उसे अपनी उपलब्धि बताने का प्रयास करते हैं। उन्होंने विधायक से सवाल किया कि यदि उन्होंने किसी भी विकास कार्य या जनसमस्या को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी या शासन स्तर के अधिकारियों से मुलाकात की है, तो उसके साक्ष्य और तारीख सार्वजनिक करें। साथ ही उन्होंने वर्ष 2012 से अब तक विधायक के कार्यकाल की उपलब्धियों का भी हिसाब जनता के सामने रखने की मांग की।
भाजपा ने ऐलान किया है कि वह विधायक के कथित “फर्जी विकास” के मुद्दे को जन-जन तक पहुंचाएगी। विरोध प्रदर्शन में पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
