पिथौरागढ़। सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से 11 जुलाई 2026 को समवाय सीमा चौकी सुन्खोली की ओर से चकद्वारी गांव में ग्राम सभा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीमा चौकी प्रभारी ने ग्रामीणों को सीमा सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अवैध घुसपैठ, गांजा, चरस, अफीम, हेरोइन समेत अन्य मादक पदार्थों और अवैध वस्तुओं की तस्करी की सूचना तत्काल सीमा चौकी को देने की अपील की। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। ग्रामीणों को सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर सीमावर्ती क्षेत्रों में सतर्क रहने के लिए भी प्रेरित किया गया। बैठक के दौरान ग्रामीणों की स्थानीय समस्याएं और सुरक्षा संबंधी सुझाव भी सुने गए तथा उनके समाधान का आश्वासन दिया गया। कार्यक्रम में सहायक उपनिरीक्षक रविन्द्र कुमार थापा सहित चार एसएसबी जवान और चकद्वारी गांव के नौ ग्रामीण मौजूद रहे।
सीमांत गांव चकद्वारी में एसएसबी की चौपाल, ग्रामीणों से संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना देने की अपील
